Haryana News: रोहतक में 200 प्रॉपर्टी मालिकों को 1 माह में 9.13 करोड़ जमा करवाने का थमाया नोटिस, जाने क्यों

रोहतक में नगर निगम इन दिनों सख्त मोड में है। प्रॉपर्टी टैक्स वसूली को लेकर निगम ने डिफाल्टरों पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। वित्तवर्ष 2025-26 में 28 करोड़ रुपए का लक्ष्य रखा गया था और महज़ चार महीने में ही 12.45 करोड़ रुपए जमा हो गए हैं। बाकी रकम निकालने के लिए निगम अब सीधे एक्शन में उतर आया है।

जानकारी के मुताबिक, नगर निगम पर अभी 50 करोड़ रुपए से ज्यादा का टैक्स बकाया है। इनमें से कई प्रॉपर्टी मालिक ऐसे हैं जिन पर एक-एक लाख रुपए से ज्यादा का बकाया है। निगम ने ऐसे करीब 200 प्रॉपर्टी मालिकों की लिस्ट तैयार कर ली है और उन्हें नोटिस भेज दिया गया है। अब नोटिस के बाद भी टैक्स जमा नहीं करने वालों की संपत्ति को सील करने की कार्रवाई शुरू हो गई है।

पिछले साल की तुलना में इस बार वसूली तेज है। एक अप्रैल से 31 जुलाई तक यानी चार महीने में 12.45 करोड़ रुपए प्रॉपर्टी टैक्स, 93.69 लाख फायर टैक्स और 2.21 करोड़ से ज्यादा यूजर चार्ज वसूला गया है। खास बात यह है कि सिर्फ जुलाई में ही 9.13 करोड़ रुपए का टैक्स जमा हुआ, जबकि पिछले वित्तवर्ष में पूरे साल में सिर्फ 11.84 करोड़ रुपए ही जमा हो पाए थे।

नगर निगम क्षेत्र में करीब 2.25 लाख प्रॉपर्टी आईडी दर्ज हैं। इनमें से लगभग एक लाख खाली प्लॉट, 80 हजार रिहायशी मकान, 30 हजार वाणिज्यिक और 15 हजार संस्थागत संपत्तियां हैं। इनसे टैक्स वसूली के जरिए ही शहर में विकास कार्यों के लिए फंड तैयार किया जाता है।

मेयर रामअवतार वाल्मीकि का कहना है कि डिफाल्टरों की लिस्ट बनाकर पहले नोटिस भेजे गए थे। अब कानून के तहत सीलिंग की कार्रवाई चल रही है, ताकि लोग टैक्स समय पर जमा करें। वहीं, नगर निगम कमिश्नर डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि इस बार वसूली का आंकड़ा पिछले साल से 61 लाख रुपए ज्यादा है और लक्ष्य हासिल करने के लिए प्लान तैयार है।

Leave a Comment