हरियाणा के खिलाड़ियों के लिए अब इंतज़ार खत्म होने वाला है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने खेल कोटे से भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान कर दिया है, जिससे लंबे समय से सरकारी नौकरी का सपना देख रहे खिलाड़ियों में उत्साह की लहर दौड़ गई है। आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर साफ कहा है कि भर्ती की तारीख और बाकी डिटेल्स जल्द ही जारी की जाएंगी, इसलिए सभी खिलाड़ी अभी से तैयारी में जुट जाएं।
हिम्मत सिंह का कहना है कि खिलाड़ियों की ओर से खेल कोटे के तहत विभिन्न विभागों में भर्ती की मांग काफी समय से उठ रही थी। आयोग ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए फैसला किया है कि अब प्रक्रिया को जल्दी शुरू किया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों को संदेश देते हुए लिखा कि ये मौका बेहद अहम है और तैयारी में कोई कमी नहीं छोड़नी चाहिए, क्योंकि सरकार का इरादा है कि खेल प्रतिभाओं को उनका हक दिया जाए।
अभ्यर्थियों द्वारा लंबे समय से यह मांग की जा रही थी कि SPORTS QUOTA के अंतर्गत विभिन्न पदों की परीक्षा शीघ्र कराई जाए। आयोग ने इस मांग को गंभीरता से लिया है। आप सभी अपनी परीक्षा की तैयारियों में जुट जाएं। आयोग द्वारा अन्य विवरण जल्द ही आधिकारिक रूप से जारी कर दिए जाएंगे। pic.twitter.com/lbx5ndqQgn
— Himmat Singh (@advhimmatsingh) August 14, 2025
हरियाणा में पहले से ही पात्र उत्कृष्ठ खिलाड़ियों (OSP) और पात्र खिलाड़ियों (ESP) को सरकारी नौकरियों में तीन प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। यह आरक्षण वन, शिक्षा, बिजली, खेल, प्राथमिक शिक्षा, गृह और माध्यमिक शिक्षा जैसे अहम विभागों में लागू होता है। खास बात यह है कि ग्रुप-डी की भर्तियों में भी 10 प्रतिशत पद खिलाड़ियों के लिए रिज़र्व हैं, जिससे खेल जगत से जुड़े युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का रास्ता और आसान हो जाता है।
खेल कोटे से भर्ती न सिर्फ खिलाड़ियों को नौकरी का मौका देती है, बल्कि उनके खेल करियर को भी मजबूती प्रदान करती है। इससे कई बार मैदान पर दमदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आर्थिक स्थिरता मिलती है, जो उन्हें खेल में और बेहतर करने की प्रेरणा देती है। अब देखना होगा कि इस बार कितने खिलाड़ी इस मौके का फायदा उठाकर सरकारी सर्विस में कदम रखते हैं।