Weather Update : देश के लगभग सभी हिस्सों में मानसून सक्रिय है। दक्षिण और उत्तर भारत समेत कई हिस्सों में कहीं हल्की तो तेज बारिश हो रही है। पहाड़ी राज्यों में बारिश और बादल फटने की घटनाएं लगातार हो रही हैं। जिस वजह भूस्खलन ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इसी बीच IMD के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 13 से 17 अगस्त के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना के अलावा मध्य प्रदेश, विदर्भ, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश का एक नया दौर शुरू होगा।
वहीं 14 और 15 अगस्त को तेलंगाना में अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान IMD द्वारा जारी किया गया है। वहीं, पूर्व मध्य भारत और उससे सटे उत्तरी प्रायद्वीपीय भारत में बारिश गतिविधि में वृद्धि होने की संभावना है।
दिल्ली में आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज मंगलवार को दिल्ली के आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 12 अगस्त को सुबह और रात के समय छिटपुट बारिश हो सकती है। इस दौरान 25 से 35 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। दिल्ली में अधिकतम तापमान फिलहाल 31 डिग्री सेल्सियस से 34-35 डिग्री तक पहुंच सकता है।
NCR में आज का मौसम
NCR में मौसम का मिजाज सुहाना बना रहेगा। वहीं, IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 13 अगस्त से मौसम में फिर से बदलाव देखने को मिलेगा। NCR के शहरों नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद, फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा में बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। इस दौरान हल्की आंधी आ सकती है। कुल मिलाकर 13 से 15 अगस्त तक मौसम ऐसा ही रहने वाला है।
हरियाणा में आज का मौसम
हरियाणा में बारिश का दौर जारी रहेगी। इस दौरान 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 13, 14 और15 अगस्त को हरियाणा और चंडीगढ़ में 12 से 15 अगस्त के दौरान बारिश होने का अलर्ट है।
पंजाब में आज का मौसम
पंजाब के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट आया है। दरअसल, आने वाले दिनों में इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने इस संबंध में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं, कपूरथला, जालंधर, तरनतारन, लुधियाना, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, संगरूर, बरनाला, मोगा, अमृतसर, मानसा और नवांशहर में भी बारिश होने की संभावना है।
राजस्थान में आज का मौसम
राजस्थान में एक बार फिर मूसलाधार बारिश का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश ही होगी, लेकिन 15 अगस्त से मूसलाधार बारिश का दौर फिर शुरू होगा, जो कई दिनों तक चलेगा। 21 अगस्त तक राजस्थान में ठीकठाक बारिश होगी।
UP में आज का मौसम
UP में मानसून एक बार फिर से एक्टिव होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24-48 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत लगभग 35 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा मौसम विभाग के अनुसार, 15 अगस्त को तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड में आज का मौसम
उत्तराखंड के नैनीताल, रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में झरने और गदेरे उफान पर हैं, जबकि मैदानी हिस्सों में कई जगह जलभराव से हालात बिगड़ गए हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है, जिससे नदियों का जलस्तर और बढ़ सकता है।
हिमाचल प्रदेश में आज का मौसम
हिमाचल प्रदेश में मौसम का कहर जारी है। राज्य में बारिश और भूस्खलन के चलते 2 और लोगों की मौत हो गई है। इस बीच मौसम विभाग ने राज्य में अगले 7 दिनों के दौरान हल्की से भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 15 अगस्त तक बारिश के मद्देनजर कांगड़ा, मंडी, सिरमौर, चंबा और शिमला समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।