हरियाणा के खिलाड़ियों की मेहनत को मिला सम्मान, सरकार देगी 51-51 हजार रुपये

उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले हरियाणा के करीब 400 खिलाड़ियों को राज्य सरकार 51-51 हजार रुपये की सम्मान राशि देगी। खेल विभाग ने खिलाड़ियों से हरियाणा कैश अवॉर्ड पोर्टल पर आवेदन करने को कहा है, ताकि उन्हें यह राशि जल्द से जल्द दी जा सके।

38वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन बीते दिनों उत्तराखंड में हुआ, जिसमें हरियाणा के खिलाड़ियों ने पूरे देश में अपनी पहचान बनाई। प्रतियोगिता में हरियाणा के 689 खिलाड़ियों और करीब 200 स्पोर्ट्स स्टाफ ने हिस्सा लिया था। इनमें से करीब 400 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और सम्मान राशि के पात्र बने।

खेल विभाग ने जानकारी दी है कि सभी पात्र खिलाड़ी हरियाणा कैश अवॉर्ड पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करें। विभाग ने आवेदनों की जांच के लिए एक विशेष कमेटी भी बनाई थी। अब यह कमेटी सभी आवेदनों का निरीक्षण करेगी और योग्य खिलाड़ियों की सूची को अंतिम रूप देगी।

हरियाणा के खिलाड़ियों ने इस बार कुल 153 पदक अपने नाम किए। इनमें 48 स्वर्ण, 47 रजत और 58 कांस्य पदक शामिल हैं। इस प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित किया कि हरियाणा देश का खेल महाशक्ति है।

खेल विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “हमारे खिलाड़ी हर बार राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करते हैं। इस सम्मान राशि का उद्देश्य उनकी मेहनत को सराहना और उन्हें आगे के लिए प्रेरित करना है। हम चाहते हैं कि युवा खेलों में और ज्यादा भाग लें।”

हरियाणा के ग्रामीण इलाकों में खेल हमेशा से युवाओं की पहचान का हिस्सा रहे हैं। पहलवानी, कबड्डी, एथलेटिक्स और शूटिंग जैसे खेलों में यहां के खिलाड़ी देशभर में नाम कमा रहे हैं। खिलाड़ियों के लिए यह सम्मान राशि न केवल आर्थिक सहयोग है, बल्कि उनके संघर्ष और समर्पण का सार्वजनिक सम्मान भी है।

Leave a Comment