Haryana News: हरियाणा को मिलेगा पहला एलिवेटेड रेलवे प्लेटफार्म, जमीन से होगा 25 फुट ऊपर

हरियाणा को जल्द ही एक अनोखी सौगात मिलने वाली है। प्रदेश का पहला रेलवे प्लेटफार्म अब जमीन से 25 फुट ऊपर बनेगा। नवंबर तक इस हाईटेक प्लेटफार्म के तैयार होने की उम्मीद है और उद्घाटन खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। यह प्लेटफार्म करीब 450 मीटर लंबा होगा और इसे 22 मजबूत पिलरों पर खड़ा किया जा रहा है।

कुरुक्षेत्र-नरवाना रेल लाइन पर इस एलिवेटेड ट्रैक के शुरू होने के बाद शहर में पांच फाटक खत्म हो जाएंगे। इससे झांसा रोड, कच्चा घेर, शास्त्री मार्केट, LNJP अस्पताल चौक और थर्ड गेट फाटक पर लगने वाला जाम हमेशा के लिए इतिहास बन जाएगा। करीब 5.84 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर ट्रेन का ट्रायल पहले ही सफलतापूर्वक हो चुका है।

प्लेटफार्म बनाने के लिए जमीन में 10-10 फुट गहरे गड्ढे खोदे गए हैं। इनमें से ज्यादातर में सरिए और लेंटर डालकर पिलरों का काम तेज़ी से किया जा रहा है। पूरा प्लेटफार्म 22 पिलरों पर टिकेगा। ट्रैक का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, अब प्लेटफार्म और स्टेशन का काम तेजी से चल रहा है।

यह प्रोजेक्ट प्रदेश का दूसरा एलिवेटेड ट्रैक होगा। शुरुआती बजट 246 करोड़ रुपए रखा गया था, लेकिन स्टेशन और प्लेटफार्म को हाईटेक बनाने के लिए इसे बढ़ाकर 371 करोड़ रुपए कर दिया गया है।

खास बात यह है कि इस प्लेटफार्म के नीचे थानेसर रेलवे स्टेशन भी बनाया जा रहा है। स्टेशन पूरी तरह हाईटेक होगा और यात्रियों के लिए एस्केलेटर और लिफ्ट लगाने की योजना है। इससे लोगों को आधुनिक सुविधाओं से लैस रेलवे स्टेशन मिलेगा। गौरतलब है कि अंग्रेजों के जमाने का पुराना स्टेशन इसी जगह था, जिसे नए ट्रैक निर्माण के दौरान हटाना पड़ा था।

इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास 22 अगस्त 2019 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया था। इसके लिए राज्य सरकार ने 136.45 करोड़ और केंद्र सरकार ने 109.54 करोड़ रुपए का बजट मंजूर किया था। बाद में प्लेटफार्म और स्टेशन के लिए 125 करोड़ और जोड़े गए।

सरकार का दावा है कि नवंबर तक पूरा प्रोजेक्ट जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। उसी समय कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव और ज्योतिसर अनुभव केंद्र का उद्घाटन भी होना है। मुख्यमंत्री नायब सैनी पहले ही कह चुके हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इन कार्यक्रमों के लिए आमंत्रित किया गया है। योजना यही है कि मोदी इस एलिवेटेड रेलवे प्लेटफार्म का उद्घाटन भी करेंगे।

Leave a Comment