Gurugram Metro विस्तार में आएगी तेजी, प्रशासन ने दिए कड़े निर्देश

Gurugram Metro : हरियाणा के ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर एक बड़ा अपडेट आया है। प्रशासन ने इस प्रोजेक्ट में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए एक्शन मोड अपना लिया है। आपको बता दें कि इस मामले में मंगलवार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की प्रशासक वैशाली सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक हुई। इस दौरान में मेट्रो निर्माण से जुड़ी सभी समस्याओं की समीक्षा की गई और समाधान के लिए निर्देश जारी किए गए।

सड़कों की पैमाइश और निशानदेही की जरूरत
जानकारी के अनुसार बैठक में गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) ने बताया कि मिलेनियम सिटी सेंटर से लेकर सेक्टर-9 तक मुख्य सड़कों की पैमाइश और निशानदेही की जरूरत है, जिससे निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके। HSVP अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश स्थानों पर पैमाइश कर निशान दिए जा चुके हैं, जिससे निर्माण कार्य में बाधा नहीं आएगी।

मेट्रो डिपो के लिए जमीन उपलब्ध कराने पर चर्चा
GMRL ने सेक्टर-10ए स्थित ऑटो मार्केट की 25 एकड़ जमीन को कास्टिंग यार्ड के रूप में उपयोग करने के लिए नवंबर तक उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया। प्रशासक ने संपदा अधिकारी-1 को निर्देश दिए कि नगर निगम के सहयोग से वहां पड़ा मलबा जल्द हटवाया जाए। वहीं, सेक्टर-33 में मेट्रो डिपो और कास्टिंग यार्ड के लिए जमीन उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। प्रशासक ने बताया कि कुछ हिस्से का मामला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में विचाराधीन है, जिसे सुलझाकर जमीन दी जाएगी।

5317 वर्ग मीटर भूमि की मांग
इसके अलावा नौ प्रस्तावित मेट्रो स्टेशनों-मिलेनियम सिटी सेंटर, सेक्टर-45, सुभाष चौक, सेक्टर-33, उद्योग विहार फेज-6, सेक्टर-37, बसई, सेक्टर-9 और सेक्टर-101 – के प्रवेश और निकासी के लिए 5317 वर्ग मीटर भूमि की मांग भी रखी गई जिस पर प्रशासक ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।

अस्थायी निर्माणों को हटवाने की मांग
GMRL ने मेट्रो रूट पर आ रहे 217 मकानों, दुकानों और अस्थायी निर्माणों को हटवाने का मुद्दा भी उठाया। इनमें से अधिकांश निर्माण HSVP की अधिग्रहित जमीन पर अवैध रूप से बने हैं। साथ ही उमंग भारद्वाज चौक स्थित हिमगिरी आश्रम की जमीन विवाद को निपटाने का भी अनुरोध किया गया।

Leave a Comment