Haryana News: हिसार में जाम से राहत, बस स्टैंड के पीछे से दौड़ेंगी सिरसा-चंडीगढ़ की बसें

Haryana News: हिसार शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर ली है। अब चंडीगढ़ और सिरसा जाने वाली रोडवेज बसें भी बस स्टैंड के पीछे से चलेंगी। फिलहाल यहां से केवल बालसमंद और नोहर-भादरा रूट की बसें ही गुजरती हैं, लेकिन 12 अगस्त को हुई बैठक में नए रूट पर बसें दौड़ाने पर सहमति बनी थी।

बैठक के बाद रोडवेज प्रशासन ने बाकायदा सर्वे कराया, जिसमें खर्च और दूरी का पूरा हिसाब लगाया गया। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर तैयार फाइल को जिला मुख्यालय भेजा गया है और उम्मीद जताई जा रही है कि अगले सप्ताह तक इसकी मंजूरी मिल जाएगी। मंजूरी मिलते ही न सिर्फ चंडीगढ़ और सिरसा रूट बल्कि राजस्थान और अन्य परिवहन की बसें भी इसी रास्ते से निकलेंगी। इससे बस स्टैंड के मुख्य गेट और दिल्ली रोड पर लगने वाला भारी जाम काफी हद तक कम हो जाएगा।

रोडवेज जीएम राहुल मित्तल का कहना है कि नया रूट शुरू होने के बाद किराए में 5 से 10 रुपए तक की बढ़ोतरी हो सकती है। अभी रोडवेज 1 रुपए 20 पैसे प्रति किलोमीटर किराया वसूलता है। दूरी बढ़ने की वजह से यह इजाफा होना तय माना जा रहा है।

दरअसल, यह प्रोजेक्ट साल 2017 में पूर्व विधायक डॉक्टर कमल गुप्ता का ड्रीम प्रोजेक्ट था। उनके प्रयास से बस स्टैंड के पीछे करीब 2.2 किलोमीटर लंबा और 33 फुट चौड़ा रोड बनाया गया था। यहां सीसी और तारकोल दोनों से सड़क तैयार हुई थी और दीवार तोड़कर गेट भी बनाया गया था। शुरुआती दौर में बसें यहां से गुजरीं लेकिन बाद में योजना ठप पड़ गई। अब करीब एक महीने पहले पीडब्ल्यूडी मंत्री ने इस प्रोजेक्ट को फिर से शुरू करने का ऐलान किया था।

हिसार का बस स्टैंड भी अपने आप में खास है। 11 अगस्त 1969 को शुरू हुआ यह स्टैंड 21 एकड़ में फैला है। यहां से रोजाना करीब 300 रोडवेज और 300 निजी बसें छोटे और लंबे रूटों पर चलती हैं। ऐसे में पीछे से बसें गुजारने का फैसला शहरवासियों के लिए राहत भरा साबित हो सकता है, क्योंकि दिल्ली रोड, मोतीबाजार, ऑटो मार्केट और नागोरी गेट के पास अक्सर घंटों जाम लगता है।

इसी बीच रोडवेज ने यात्रियों के लिए नई बस सेवा भी शुरू की है। रविवार से हिसार डिपो से राजस्थान के मुकाम और नोखा के लिए विशेष बस चलाई गई है। सुबह 9:27 बजे हिसार से रवाना होने वाली यह बस शाम 7 बजे नोखा पहुंचेगी। अगले दिन सुबह 7 बजे यह बस वापसी में हिसार के लिए चलेगी और शाम 5 बजे तक यहां पहुंचेगी। यह बस सालासर होकर जाएगी। इसका किराया मुकाम तक 385 और नोखा तक 420 रुपए तय किया गया है।

Leave a Comment