Weather Update : देशभर में आज कैसा रहेगा मौसम? यहां देखें IMD का ताजा पूर्वानुमान

Weather Update : देश में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। मानसून का असर कुछ राज्यों में धीमा पड़ता नजर आ रहा है तो कुछ राज्यों में तेज बारिश का सिलसिला जारी है। हालांकि, उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में बारिश के चलते बुरा हाल है। बिहार में 10 नदियां उफान पर हैं, जिस वजह कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। इस बीच IMD ने आज बुधवार (13 अगस्त) के मौसम का ताजा पूर्वानुमान जारी किया है। आइए जानते हैं आज किन राज्यों में बारिश जारी रहेगी।

दिल्ली में आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में मंगलवार (12 अगस्त) को आसमान में आंशिक तौर पर बादल छाए रहे और अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रहा। वहीं आज बुधवार (13 अगस्त) को रात से हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो सकती है। यह 14 अगस्त की सुबह तक जारी रह सकती है।

NCR में आज का मौसम
NCR के जिलों में भी कहीं कम तो कहीं पर मध्यम स्तर की बारिश होने का अलर्ट है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में हल्की बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। NCR में अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री रह सकता है। वहीं, 15 अगस्त को भी बादल छाए रहेंगे । इस दौरान सुबह के समय हल्की बारिश की संभावना है।

हरियाणा में आज का मौसम
हरियाणा में तेजी से मानसून में बदलाव हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, 13 अगस्त से लगातार बारिश होने की संभावना है। इसके चलते कई जिलों में यलो अलर्ट भी मौसम विभाग अभी से जारी कर दिया है। जानकारों की मानें तो स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों और कार्यक्रम पर भी उस दिन असर पड़ सकता है।

पंजाब में आज का मौसम
पंजाब के कई जिलों में मंगलार को हल्की से मध्यम बारिश हुई जिससे तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में भारी बारिश की संभावना है। 13 अगस्त को राज्य में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।

राजस्थान में आज का मौसम
इस बार राजस्थान में अच्छी बारिश हुई है, लेकिन पिछले कुछ दिन में बारिश का सिलसिला लगभग थम सा गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अब एक बार फिर राजस्थान में मॉनसून करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के कई हिस्सों में 13, 14, 15, 16 और 17 अगस्त के दौरान हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में फिर से गिरावट होगी। वहीं कई जिलों में 15 और 16 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट है।

UP में आज का मौसम
उत्तर प्रदेश में मानसून की बरसात का दौर जारी है। इस बीच मौसम विभाग ने 13 से 15 अगस्त के बीच भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मंगलवार की शाम से ही प्रदेश में मौसम करवट ले चुका है, जिसके बाद बुधवार को कई जिलों में तेज बारिश होगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ के साथ अयोध्या, गोंडा, बस्ती, कानपुर, इलाहाबाद में बुधवार को भारी से अतिभारी बारिश की संभावना है।

उत्तराखंड में आज का मौसम
उत्तराखंड में लगातार बारिश जारी है। इसके साथ ही बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने का खतरा कायम है। इस बीच मौसम विभाग ने बुधवार (13 अगस्त) को भी उत्तराखंड के कई जिलों मे्ं बारिश होने की चेतावनी जारी की है। राज्य की राजधानी देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में बुधवार को बारिश को देखते हुए मौसम विभाग की ओर से रेड अलर्ट जारी है. इस दिन राज्य के बाकी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।

हिमाचल प्रदेश में आज का मौसम
हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर अगले सात दिन भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बुधवार (13 अगस्त) को भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश भी जारी रहेगा। वहीं, हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। बांधों का जलस्तर बढ़ रहा है। कई बांधों से पानी छोड़ा जा रहा है, जिसके चलते निचले इलाकों में खतरा बना हुआ है।

 

Leave a Comment