
New Flyover: केंद्र सरकार द्वारा लोगों को बेहतर यतायात सुविधा देने के लिए लगातार एक्सप्रेसवे, हाईवे, सड़कों और फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। इसी बीच गाजियाबाद के लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। यहां जल्द ही ट्रैफिक जाम की समस्या खत्म होने वाली है। बता दें कि गाजियाबाद के हापुड़ चुंगी चौराहे पर ट्रैफिक जाम को खत्म करने के लिए फ्लाईओवर बनाया जाएगा। गाजियाबाद के जिलाधिकारी ने इस फ्लाईओवर का DPR तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
100 करोड़ रुपये का आएगा खर्च
यह फ्लाईओवर कलेक्ट्रेट से लेकर शास्त्री नगर तक बनाया जाएगा। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि यूपी ब्रिज कॉरपोरेशन को फ्लाईओवर के लिए DPR तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इस प्रोजेक्ट में लगभग 100 करोड़ रुपये का खर्च आने की संभावना है।
फ्लाईओवर बनाने की योजना तैयार
जिलाधिकारी ने बताया कि शहर में ट्रैफिक जाम लगने वाली जगहों को चिन्हित किया जा रहा है। PWD के सर्वे में पता चला कि हापुड़ चुंगी पर भीषण जाम लगता है। यहां पर वाहन चालकों को 15-20 मिनट तक जाम से जूझना पड़ता है। ऐसे में ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए कलेक्ट्रेट से लेकर शास्त्री नगर के बीच फ्लाईओवर बनाने की योजना तैयार की गई है।
4 लेन का बनेगा फ्लाईओवर
बताया जा रहा है कि यह फ्लाईओवर 4 लेन का होगा, जिसकी लंबाई 800 मीटर होगी। इसका डीपीआर तैयार होने के बाद निर्माण कार्य भी जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। वर्तमान में हापुड़ चुंगी चौराहे पर चारों ओर से वाहनों का दबाव पड़ता है, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लगता है।
यहां पर फ्लाईओवर के बनने से हापुड़ चुंगी पर एनएच-9 का ट्रैफिक डायमंड फ्लाईओवर होते हुए से शास्त्रीनगर चौराहे से निकलते हुए हापुड़ चुंगी से गुजर कर वाया मेरठ रोड की ओर से जाएगा। साथ ही हापुड़ मोड़ से गोविंदपुरम की ओर आने वाला ट्रैफिक भी आसानी से आगे निकल जाएगा। वहीं, दिल्ली-साहिबाबाद का ट्रैफिक वाया मोहननगर और ठाकुरद्वारा मोड़ से हापुड़ चुंगी होते हुए हापुड़ जा सकेगा।
इन इलाकों में मिलगी राहत
हापुड़ चुंगी चौराहे पर फ्लाईओवर बनने से कई इलाकों के लोगों को राहत मिलेगी। इसके बनने से कलेक्ट्रेट, विकास भवन, राज नगर, कवि नगर, शास्त्री नगर, हरसांव, गोविंदपुरम और इंदरगढ़ी और फिर डीएमई की ओर जाने वाले वाहन चालक आसानी से यात्रा कर सकेंगे।